रायगढ़ में संगठन विस्तार और 2028 चुनावी तैयारी को लेकर क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की बैठक !

रायगढ़। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों का सोमवार को रायगढ़ आगमन हुआ। इस दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी 2028 के चुनावों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में हरिओम जायसवाल एवं अश्वनी राठौर ने प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत किया। बैठक का आयोजन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना रायगढ़ ब्लॉक उपाध्यक्ष आसित तिग्गा तथा खरसिया खंड अध्यक्ष जय पटेल के नेतृत्व में किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश महामंत्री यशवंत वर्मा ने संगठन के संविधान एवं कार्यप्रणाली की जानकारी नए सदस्यों को दी। वहीं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकांत यदु ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने के निर्देश दिए।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश मंत्री रवि तिवारी ने छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर बल देते हुए सभी से दैनिक जीवन में छत्तीसगढ़ी भाषा का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रदेशभर में छत्तीसगढ़ महतारी एवं छत्तीसगढ़ के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने तथा उनके नाम पर चौक-चौराहों का नामकरण किए जाने की बात कही।
प्रदेश महासचिव भूषण लाल साहू ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों को राजनीतिक रूप से अधिक जागरूक और संगठित होने की जरूरत है।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार के तहत महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गईं। जय पटेल को जोहार छत्तीसगढ़ मजदूर संगठन का जिला अध्यक्ष तथा नीलेश सिदार को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम का समापन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष गोलू जायसवाल एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष मुकेश चौहान ने किया।
बैठक में जिला महामंत्री हिमांशु साहू सहित रायगढ़, तमनार, खरसिया, लैलूंगा एवं धरमजयगढ़ क्षेत्र के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



