
बिलासपुर (मस्तूरी)। मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत पचपेड़ी थाना को नई थाना प्रभारी मिल गई हैं। निरीक्षक कमला पुसाम ने पचपेड़ी थाना का प्रभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करते ही थाना स्टाफ, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
नई थाना प्रभारी के पदभार संभालने के साथ ही क्षेत्रवासियों में बेहतर पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पचपेड़ी थाना क्षेत्र लंबे समय से विभिन्न सामाजिक एवं कानून व्यवस्था संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनमें अवैध शराब कारोबार और कथित दलाली संस्कृति प्रमुख मुद्दे रहे हैं।
क्षेत्र के नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि टीआई कमला प्रसाम के नेतृत्व में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा आम जनता को न्याय और सुरक्षा का बेहतर वातावरण मिलेगा। थाना परिसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जाती है तो क्षेत्र में अपराधों और सामाजिक बुराइयों पर भी नियंत्रण स्थापित होगा। वहीं पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और जनसहभागिता बढ़ने से पुलिस प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।
अब क्षेत्रवासियों की नजर नई थाना प्रभारी की कार्यशैली और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पचपेड़ी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलेंगी।



