ब्रेकिंग न्यूज़राज्यविश्व

तुरेकेला हायर सेकेंडरी स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिली सौगात, खुशी से खिले चेहरे!

तुरेकेला। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तुरेकेला में ‘निशुल्क सरस्वती साइकिल योजना’ के अंतर्गत साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र प्रकाश गवेल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री रवींद्र प्रकाश गवेल रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें  गिरधर गुप्ता,  बलदेव कुर्रे (जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती रामकुमारी राठिया (जनपद अध्यक्ष), डॉ. हितेश गवेल,  पालू राठौर,  धरम लाल (सरपंच) एवं  अमृत सिदार (बीडीसी) प्रमुख रूप से शामिल थे। शिक्षा विभाग की ओर से विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एन. एल. पटेल की विशेष उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती शिखा गवेल ने कहा कि राज्य शासन की यह महत्वाकांक्षी योजना बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों, पालकों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, पालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button