स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी बेशर्म प्रधानपाठक भुवनेश्वर कौशिक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज।
कक्षा में अकेली छात्रा का हाथ पकड़ने और अशोभनीय हरकत का आरोप, ग्रामीणों के आक्रोश के बाद पुलिस ने की कार्रवाई


जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगाकोहरौद गांव के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ बेशर्म प्रधानपाठक भुवनेश्वर कौशिक को छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार विद्यालय में एक छात्रा को अकेला पाकर प्रधानपाठक ने कथित रूप से उसका हाथ पकड़ लिया। छात्रा किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भागी और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोप है कि घटना के दौरान प्रधानपाठक विद्यालय के कक्ष में आपत्तिजनक स्थिति में था। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी प्रधानपाठक भुवनेश्वर कौशिक को गिरफ्तार कर लिया हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
पामगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



