तारापुर मंडल की बैठक में कांग्रेस को झटका, बरपाली सरपंच बाबूलाल पटेल भाजपा में शामिल सेवा संकल्प महाअभियान कार्यशाला संपन्न, नेताओं ने संगठन विस्तार और जनसंपर्क पर दिया जोर!
तारापुर मंडल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस सरपंच ने थामा कमल सेवा संकल्प महाअभियान कार्यशाला में बरपाली सरपंच बाबूलाल पटेल भाजपा में शामिल, नेताओं ने बताया बड़ी राजनीतिक उपलब्धि

रायगढ़/खरसिया। ग्राम कोतरा में शनिवार को भाजपा तारापुर मंडल की मासिक बैठक एवं सेवा संकल्प महाअभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान की रणनीति पर चर्चा की तथा कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान ग्राम बरपाली के सरपंच एवं कांग्रेस कार्यकर्ता बाबूलाल पटेल ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद बाबूलाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनसेवा के उद्देश्य से भाजपा के साथ कार्य करेंगे।
मुख्य वक्ता गुरुपाल सिंह भल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में जनहित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प महाअभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बरपाली के सरपंच का भाजपा में शामिल होना संगठन की मजबूती का संकेत है।

जिला कोषाध्यक्ष सनत कुमार नायक ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वर्तमान सरपंच बाबूलाल पटेल का भाजपा में प्रवेश संगठन की बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होना क्षेत्र में बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है।
मंडल प्रभारी पवन शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प महाअभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि खरसिया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से जुड़े एक सरपंच का भाजपा में शामिल होना अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पवन शर्मा ने दावा किया कि क्षेत्र में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविंद्र प्रकाश गवेल ने कहा कि सेवा संकल्प महाअभियान की रूपरेखा पर चर्चा की जा रही है। इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रहित में किए जा रहे कार्यों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को एक माह तक महाअभियान के रूप में लोगों के बीच पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरपाली के सरपंच एवं कांग्रेस कार्यकर्ता बाबूलाल पटेल ने भाजपा का दामन थामा है। यह सेवा संकल्प महाअभियान की शक्ति का परिणाम है। गवेल ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के अधिकांश कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा सरपंच बाबूलाल पटेल के साथ खड़ी है और वे गांव के विकास के लिए आगे भी कार्य करेंगे।
मंडल अध्यक्ष गौरीशंकर पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ता आम जनता तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाएंगे। उन्होंने दावा किया कि बरपाली सरपंच बाबूलाल पटेल का भाजपा में शामिल होना क्षेत्र में भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अपने नेतृत्व को लेकर निराशा दिखाई दे रही है, जिसके कारण लोग भाजपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
कार्यक्रम मे लोचन प्रसाद पटेल, क्षितिभूषण पटेल, कैलाश निषाद, प्रीतेश पटेल, सोहन चौधरी, अंजू मिथिलेश पटेल, राधा पटेल, राजेंद्र डनसेना, घनश्याम साव, नंदकुमार बरेठ, शिवनारायण यादव, नरेश डनसेना, राजेश पटेल, कैलाश चौहान, अमित चौहान, शत्रुघ्न जाटवार, कमलेश डनसेना, उद्धव बैरागी, सुमित्रा यादव, साधना चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



