
रायगढ़/बिलासपुर :-
एनटीपीसी तिलाईपाली परियोजना में पुनर्वास की रकम दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले उप महाप्रबंधक विजय दुबे को आज एसीबी (भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो) की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तिलाईपाली निवासी सौदागर गुप्ता ने 13 सितंबर को एसीबी इकाई बिलासपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि एनटीपीसी द्वारा उसके मकान और जमीन का अधिग्रहण किया गया था, जिसके एवज में मुआवजा तो मिल चुका है, लेकिन पुनर्वास की राशि करीब 30 लाख रुपये मिलनी थी। इसमें से उसके पुत्रों को 14 लाख रुपये खाते में प्राप्त हो चुके थे, जबकि शेष 16 लाख रुपये का भुगतान होना बाकी था।
आरोप है कि उप महाप्रबंधक विजय दुबे ने इस शेष भुगतान को रिलीज करने के एवज में शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। इतना ही नहीं, वह पहले ही 50 हजार रुपये की अवैध राशि ले चुका था और बाकी 4.50 लाख रुपये की और मांग कर रहा था।
शिकायत पर एसीबी ने सत्यापन कराया जो सही पाया गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और आज आरोपी विजय दुबे को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की आगे की जांच एसीबी कर रही है।



