
रायगढ़: जनपद पंचायत पुसौर में ग्राम पंचायत से लेकर जनपद स्तर तक लगभग 300 से अधिक कर्मचारी प्रतिदिन विभागीय कार्यों के लिए आना जाना लगा रहता हैं। लेकिन यहां मूलभूत सुविधा के रूप में शौचालय की कमी अब भी बड़ी समस्या बनी हुई है। वर्तमान में मात्र एक – एक शौचालय से ही सभी कर्मचारियों को निस्तारी करनी पड़ती है, जिससे असुविधा और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनपद पंचायत परिसर में एक आधुनिक और स्वच्छ सुलभ शौचालय का निर्माण किया जाना चाहिए। इससे न केवल कर्मचारियों को राहत मिलेगी, बल्कि ग्रामीण अंचलों से आने वाले जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को भी उपयोग की सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से स्वच्छ भारत अभियान पूरे देश में स्वच्छता का संदेश दे रहा है, उसी के तहत जनपद पंचायत पुसौर में भी एक आदर्श सुलभ शौचालय का निर्माण होना चाहिए, जिससे कार्यालय परिसर स्वच्छ और सुव्यवस्थित बने।



