ग्राम पंचायत बर्रा में धूमधाम से मनाया गया कार्तिकेश्वर महोत्सव — मुख्य अतिथि बने श्री रविन्द्र प्रकाश गवेल


रायगढ़ / खरसिया :- दिनांक 30 अक्टूबर 2025 दिन गुरुवार को ग्राम पंचायत बर्रा (संगम मोहल्ला) में कार्तिक मास के पावन अवसर पर भव्य कार्तिकेश्वर महोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री रविन्द्र प्रकाश गवेल कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामवासियों के साथ भगवान कार्तिकेश्वर भगवान जी और समस्त देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान और मंगल गीतों के साथ हुई। सबसे पहले ग्राम के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की तथा ग्राम में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष खरसिया श्रीमती रामकुमारी राठिया, मंडल अध्यक्ष श्री छेदुराम राठिया, ग्राम सरपंच श्रीमती उमा देवी राठिया, उपसरपंच श्रीमती प्रभा राठिया, तथा जिला कार्यसमिति सदस्य श्री भूपेन्द्र वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा सहोद्रा राठिया, दिलेश्वर राठिया, आनंद राठिया, दिलीप राठिया, शिवनंदन राठिया, ठंडा राम राठिया, रूपेश राठिया और आसपास के ग्रामों से आए दर्शकगणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि श्री रविन्द्र प्रकाश गवेल ने अपने संबोधन में कहा कि कार्तिक मास का यह पर्व धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परंपराएं हमारी संस्कृति की जड़ हैं और इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पारंपरिक सुवा नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति हुई, जिसमें महिलाओं के समूह ने एकता, श्रद्धा और आनंद का अद्भुत संगम दिखाया। पूरे कार्यक्रम का संचालन स्थानीय युवाओं ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों को प्रसाद वितरण कर समारोह का समापन हुआ।
यह आयोजन ग्राम बर्रा के लिए गर्व का विषय रहा, जिसने न केवल धार्मिक भावना को प्रबल किया बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दिया।



