LIVE TVराज्यविश्व

रायगढ़ : कांग्रेस से डॉक्टर राजेंद्र कुमार अग्रवाल का इस्तीफा, राजनीति में मचा हलचल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से जुड़ी बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। जिले के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. राजेंद्र कुमार अग्रवाल उर्फ डॉ. राजू ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र कांग्रेस शहर अध्यक्ष को भेजा है, जिसके बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. राजू लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए थे और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर लगातार जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। लेकिन अब उन्होंने राजनीति से कुछ समय के लिए दूरी बनाने और समाजसेवा के कार्यों पर अधिक ध्यान देने का निर्णय लिया है। अपने इस्तीफा पत्र में उन्होंने लिखा है कि वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित रहे हैं, परंतु अब वे आम जनता की सेवा में अधिक समय देना चाहते हैं, इसलिए पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं।

डॉ. राजू को जिले में एक ईमानदार, मिलनसार और सक्रिय समाजसेवी के रूप में जाना जाता है। वे वर्षों से स्वास्थ्य क्षेत्र के माध्यम से गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करते आ रहे हैं। उनके इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है। कुछ लोगों का कहना है कि आने वाले समय में वे किसी नए राजनीतिक विकल्प की तलाश में हैं, जबकि कुछ का मानना है कि वे केवल समाजसेवा के माध्यम से जनता से जुड़ाव बनाए रखना चाहते हैं।

रायगढ़ जिले की राजनीति में डॉ. राजू अग्रवाल का नाम हमेशा सक्रिय और सम्मानित रहा है। उनके पार्टी छोड़ने से कांग्रेस संगठन को निश्चित रूप से एक सक्रिय कार्यकर्ता की कमी महसूस होगी। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में डॉ. राजू किस भूमिका में नजर आते हैं — समाजसेवा में या किसी नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत के साथ।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button