
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा हाल ही में लागू की गई नई संशोधित भूमि गाइडलाइन को लेकर राजधानी रायपुर में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। इस क्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के रायपुर स्थित निवास पर स्थानीय निवासी, जनप्रतिनिधि एवं व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने एकजुट होकर उनसे मुलाकात की और निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संशोधित भूमि गाइडलाइन से आम नागरिकों, छोटे व्यापारियों और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि भूमि मूल्यांकन वास्तविक बाजार दरों के अनुरूप हो, ताकि पंजीयन, खरीद–फरोख्त और निवेश में अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। नई गाइडलाइन से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस फैसले से शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं व्यवसायियों का मानना है कि इससे निवेश का माहौल सुधरेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। स्थानीय निवासियों ने भी इसे आमजन के हित में लिया गया साहसिक और व्यावहारिक कदम बताया।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य नीति निर्माण में जनहित, संतुलन और व्यावहारिकता को प्राथमिकता देना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी आम जनता और विभिन्न वर्गों से संवाद कर नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे।



