
रायगढ़।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत जिले की स्टाफ नर्सों ने नियमित भर्ती प्रक्रिया में अनुभव अंक (Experience Marks) प्रदान किए जाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। स्टाफ नर्सों का कहना है कि उन्होंने कोविड-19 जैसी भीषण महामारी के दौरान जान जोखिम में डालकर लगातार सेवाएं दी हैं, ऐसे में उनके अनुभव को भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा 225 पदों पर स्टाफ नर्स की नियमित भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया है। वर्तमान में केवल परीक्षा के आधार पर चयन किया जाना प्रस्तावित है, जबकि वर्षों से सेवा दे रही संविदा स्टाफ नर्सों को अनुभव का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
स्टाफ नर्सों ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान वे फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में कार्यरत रहीं। उस कठिन समय में बिना किसी डर के मरीजों की सेवा की और विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लंबे समय तक सेवा देने के कारण उन्हें कार्य का व्यावहारिक एवं जमीनी अनुभव प्राप्त हुआ है, जिसे नजरअंदाज करना अन्यायपूर्ण है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अनुभव के आधार पर अंक प्रदान किए जाने से न केवल वर्षों की मेहनत का सम्मान होगा, बल्कि अनुभवी नर्सों को भर्ती में उचित अवसर भी मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहेगी।
स्टाफ नर्सों ने कलेक्टर से मांग की है कि उनकी इस जायज मांग को शासन एवं संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ तक पहुंचाया जाए, ताकि भर्ती नियमों में संशोधन कर अनुभव अंक जोड़े जा सकें और भविष्य सुरक्षित हो सके।
इस संबंध में नर्सों ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई है।



