जनपद पंचायत रायगढ़ के NRLM मे नियमों की धज्जियाँ, कुसमुरा नारी एकता संकुल संगठन में अध्यक्ष पद बना निजी जागीर!

रायगढ़।
जनपद पंचायत रायगढ़ के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) / बिहान योजना में नियमों की धज्जियाँ उड़ाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम कुसमुरा स्थित नारी एकता संकुल संगठन में अध्यक्ष पद पर नियम विरुद्ध तरीके से वर्षों से एक ही महिला का कब्जा बना हुआ है, जबकि योजना के स्पष्ट दिशा-निर्देश इसके विपरीत हैं।
बिहान योजना के नियमों के अनुसार किसी भी संकुल संगठन में अध्यक्ष, सचिव सहित सभी पदों की अवधि केवल एक नियमिती वर्ष निर्धारित है। निर्धारित समय सीमा पूर्ण होने के बाद पद परिवर्तन अनिवार्य होता है, ताकि अन्य सक्रिय और योग्य बिहान दीदियों को भी नेतृत्व और जिम्मेदारी का अवसर मिल सके। लेकिन कुसमुरा के नारी एकता संकुल संगठन में यह नियम केवल कागजों तक ही सीमित रह गया है।
सूत्रों के अनुसार वर्तमान अध्यक्ष न तो पद छोड़ने को तैयार हैं और न ही विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है। इससे यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या नियम सिर्फ आम समूहों के लिए हैं, या फिर कुछ खास संगठनों को खुली छूट दी गई है?
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब कुछ संबंधित बिहान/NRLM के सक्षम अधिकारियों की जानकारी में होने के बावजूद चल रहा है। या तो अधिकारी जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं, या फिर अंदरखाने कोई मिलीभगत है। यदि ऐसा नहीं है, तो अब तक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से एक ही पदाधिकारी बने रहने से संगठन में तानाशाही रवैया, पारदर्शिता की कमी और अन्य सक्रिय महिलाओं का मनोबल टूट रहा है। योजना का मूल उद्देश्य महिला सशक्तिकरण था, न कि पदों पर स्थायी कब्जा।
अब सवाल यह है कि
👉 नियमों का पालन कब होगा?
👉 क्या जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करेंगे या संरक्षण देते रहेंगे?
यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो यह मामला उच्च स्तर तक उठाया जाएगा।



