LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्यविश्वशिक्षा

चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव का परीक्षार्थियों को संदेश: “शिक्षा ही गरीब परिवार की सबसे बड़ी पूंजी”!


सक्ति :- चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने कक्षा 10वीं, 12वीं सहित अन्य कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा को लेकर प्रेरणादायी संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष भर की मेहनत का परिणाम देने का समय अब आ चुका है, इसलिए सभी विद्यार्थी पूरी एकाग्रता और अनुशासन के साथ परीक्षा की तैयारी में जुट जाएँ।
विधायक यादव ने विद्यार्थियों से निवेदन किया कि वे इस महत्वपूर्ण समय में मोबाइल, टीवी और अन्य भौतिक सुख-सुविधाओं से दूरी बनाकर केवल पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन का यह दौर भविष्य की दिशा तय करता है, इसलिए वर्तमान में सभी अनावश्यक गतिविधियों का त्याग कर शिक्षा को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सामाजिक और आर्थिक असमानता की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि संपन्न परिवारों के बच्चों को कोचिंग और पढ़ाई की अनेक सुविधाएँ सहजता से मिल जाती हैं, लेकिन गरीब और किसान परिवारों के छात्र-छात्राएँ सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता के साथ कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ही सबसे बड़ी पूंजी है, जो उनके जीवन को नई दिशा देती है।
विधायक रामकुमार यादव ने बताया कि समाज के सहयोग से हर वर्ष मेधावी और टॉपर बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हवाई जहाज से दिल्ली भ्रमण कराया जाता है, जहाँ वे देश के प्रमुख ज्ञान और शैक्षणिक स्थलों का अवलोकन करते हैं। यह पहल बच्चों में आत्मविश्वास और बड़े सपने देखने की प्रेरणा देती है।
अंत में विधायक यादव ने पालकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को परीक्षा के दौरान मानसिक रूप से सहयोग दें और पढ़ाई के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराएँ। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य और बेहतरीन परीक्षा परिणाम के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button