
रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और पिछड़ा वर्ग के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पिछड़ा वर्ग मोर्चा सूपा मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी डीलेश्वर पटेल को सौंपी गई है। यह नियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय के मार्गदर्शन, संभाग प्रभारी रामू रोहरा एवं जिला प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर के निर्देशानुसार की गई है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दिवान की अनुशंसा पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोरंजन साहू द्वारा मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की गई, जिसमें खरसिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सूपा मंडल से डीलेश्वर पटेल को यह दायित्व सौंपा गया।
डीलेश्वर पटेल को पार्टी का एक सरल, सहज और सक्रिय कार्यकर्ता माना जाता है। उन्होंने लंबे समय से भाजपा संगठन में रहकर पार्टी की बैठकों से लेकर संघ से जुड़े विभिन्न दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन किया है। संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी नेताओं का मानना है कि डीलेश्वर पटेल के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग मोर्चा को नई ऊर्जा मिलेगी और भाजपा द्वारा पिछड़ा वर्ग के हित में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में संगठन और अधिक मजबूत होगा। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी धरातल तक पहुंचाने में वे अहम भूमिका निभाएंगे।
डीलेश्वर को मंडल अध्यक्ष बनाए जाने से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन में खुशी की लहर देखी जा रही है। इस अवसर पर डीलेश्वर पटेल ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व, जिला नेतृत्व एवं सूपा मंडल के सभी वरिष्ठ एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।



