जमुना प्रसाद चौहान बने जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अनुसूचित जाति विभाग रायगढ़ के जिला महासचिव !

रायपुर 3:- रायगढ़ जिले के विकासखंड पुसौर अंतर्गत ग्राम पुटकापुरी निवासी जमुना प्रसाद चौहान को जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अनुसूचित जाति विभाग रायगढ़ का जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। जमुना प्रसाद चौहान को एक सरल, सहज, सक्रिय और जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता है।
जमुना प्रसाद चौहान ग्राम पंचायत पुटकापुरी के पूर्व सरपंच और पूर्व पंच रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गांव के विकास और जनहित से जुड़े कई कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। सामाजिक क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। वे चौहान समाज जिला रायगढ़ के पूर्व कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और समाज के संगठन व उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं। इसके अलावा वे एक आशु कवि के रूप में भी जाने जाते हैं, जो विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी रचनाओं के माध्यम से लोगों को प्रेरित करते हैं।
वर्तमान में जमुना प्रसाद चौहान अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और उपभोक्ता अधिकारों तथा जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनकी सक्रियता और जनसेवा की भावना को देखते हुए कांग्रेस संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
इस अवसर पर जमुना प्रसाद चौहान ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार अंचल तथा जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अनुसूचित जाति विभाग रायगढ़ के जिलाध्यक्ष परदेशी चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास और दायित्व उन्हें सौंपा है, उसका वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
जमुना प्रसाद चौहान की नियुक्ति पर चौहान समाज सहित क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।


