दीपावली पर पटाखा दुकानों की नियमित करें जांच, अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी-कलेक्टर*

*पेट्रोल पंपों में स्वच्छ एवं सर्वसुलभ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश*
*सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन एवं विभागीय लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण, कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक*

रायगढ़, 2 नवम्बर 2026/ आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने पटाखा दुकानों की नियमित जांच करने और उनमें अग्निशमन सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पटाखा दुकानों का नियमित निरीक्षण करें तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। कलेक्टर आज समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
कलेक्टर ने पेट्रोल पंपों में शौचालय बंद रहने संबंधी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए खाद्य अधिकारी को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों में आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ एवं सर्वसुलभ शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। अधिकारियों को इसकी नियमित निगरानी करने तथा नगरीय निकायों के अंतर्गत स्थापित व्यावसायिक परिसरों में भी साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारी संबंधित पोर्टल का नियमित अवलोकन करें और लंबित शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
कलेक्टर ने भूमि पट्टा वितरण की समीक्षा करते हुए नियमानुसार पात्रता का परीक्षण कर वास्तविक जरूरतमंद हितग्राहियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं शिक्षा ऋण योजना की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्ताव 15 नवंबर तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

*हर घर मुनगा अभियान के तहत पौधारोपण एवं संरक्षण पर जोर*
कलेक्टर ने हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य संस्थाओं में मुनगा पौधों के रोपण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधारोपण के साथ ही पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से शासन की योजनाओं एवं प्राथमिकता वाले कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



