खरसिया जनपद NRLM बिहान में महिलाओं के मानसिक शोषण का आरोप, चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल!

चपले :- खरसिया जनपद के NRLM बिहान अंतर्गत चपले क्लस्टर में कार्यरत महिलाओं के साथ कथित मानसिक शोषण और मनमानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ महीने पहले पीआरपी और एसी के निर्देश पर आरबीके पद के लिए एक महिला का चयन नियमानुसार प्रस्ताव पारित कर किया गया था। चयन के बाद संबंधित महिला को तीन दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया गया और वह पिछले पांच महीनों से नियमित रूप से कार्य कर रही है।
अब आरोप लगाया जा रहा है कि वही महिला लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना का सामना कर रही है। पीआरपी माधुरी पटेल एवं क्लस्टर समन्वयक सोनी पर आरोप है कि वे महिला पर इस कदर दबाव बना रही हैं कि वह कभी भी त्यागपत्र देने को मजबूर हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चयन प्रक्रिया में कोई त्रुटि थी तो प्रशिक्षण और कार्य प्रारंभ होने से पहले ही उसे रोका जाना चाहिए था।
ग्रामीणों और महिला समूहों का कहना है कि किसी महिला का घर से बाहर निकलकर कार्य करना आसान नहीं होता। परिवार और सामाजिक परिस्थितियों के बीच साहस जुटाकर महिलाएं काम करने पहुंचती हैं। ऐसे में यदि कार्यस्थल पर ही मानसिक दबाव और डर का माहौल बने तो यह बेहद चिंताजनक विषय है। बताया जा रहा है कि संबंधित महिला इतनी भयभीत है कि वह अपना नाम सार्वजनिक करने तक को तैयार नहीं है।
मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि पहले भी BPM, PRP और AC के खिलाफ शिकायतें हुईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अधिकारियों का मनोबल बढ़ता गया। क्षेत्र के लोगों ने आशंका जताई है कि मामला सार्वजनिक होने के बाद संबंधित महिला पर दबाव या धमकी भी बनाई जा सकती है।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और उच्च अधिकारियों से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि बिहान से जुड़ी महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा के साथ कार्य करने का वातावरण मिल सके।



