LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य

भाजपा के पितृ पुरुष स्व. लखीराम अग्रवाल की प्रतिमा के सामने बह रहा नाली का गंदा पानी, नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल!

रायगढ़ :- खरसिया नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर के हृदय स्थल माने जाने वाले स्वर्गीय लखीराम चौक में भाजपा के पितृ पुरुष स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की प्रतिमा के सामने पिछले दो महीनों से गंदे नाली का मल-मूत्र युक्त पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे दुकानदारों, राहगीरों और शिव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौक के आसपास लगातार फैल रही बदबू और गंदगी से बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी समस्या समाधान के बजाय केवल विकास के दावे करने में व्यस्त हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिमा स्थल के पास मात्र 50 मीटर नाली निर्माण कार्य टेंडर के नाम पर महीनों से लंबित पड़ा है, जबकि नगर पालिका में अन्य कई कार्य बिना टेंडर के कराए जा रहे हैं। वार्डवासियों द्वारा कई बार मौखिक शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मामले को लेकर नगर में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि जिस नेता के नाम से खरसिया की पहचान पूरे प्रदेश में होती है, उसी स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की प्रतिमा के सामने इस तरह की गंदगी होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका के पास करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के लिए बजट है, लेकिन मूलभूत सफाई और नाली व्यवस्था सुधारने के लिए फंड का अभाव बताया जा रहा है।


वहीं वार्ड क्रमांक 14 में जवाबदार जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार  के घर के सामने भी पिछले कई महीनों से बीच सड़क में गंदा नाली का पानी बह रहा है। इससे मोहल्लेवासी परेशान हैं, लेकिन वहां भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
नगरवासियों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा है कि नगर पालिका क्षेत्र  में समान विकास के बजाय केवल एक वार्ड में करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पूरे नगर में चारों ओर गंदगी फैली हुई है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है!

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button