
रायगढ़। सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी एक गंभीर शिकायत सामने आई, जिसमें उच्चभीठी निवासी बालेश्वर चंद्रा ने बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल के खिलाफ आयुष्मान भारत योजना के तहत अतिरिक्त राशि वसूली और मरीज को समय पूर्व डिस्चार्ज किए जाने का आरोप लगाया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता बालेश्वर चंद्रा ने जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके परिजन का उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अस्पताल में कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के तहत निःशुल्क उपचार मिलने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त राशि जमा कराने का दबाव बनाया गया। साथ ही उपचार प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया, जिससे परिजनों को मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि अस्पताल की बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई तथा मरीज पक्ष को उपचार और खर्च से संबंधित स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। शिकायत सामने आने के बाद जनदर्शन में मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीर माना।
कलेक्टर ने तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करने तथा तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा कहा गया है कि जांच में यदि आयुष्मान भारत योजना के नियमों का उल्लंघन या मरीजों से अवैध वसूली की पुष्टि होती है, तो संबंधित अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जनदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य योजनाओं में पारदर्शिता और मरीजों के अधिकारों को लेकर प्रशासन की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है।


