LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य
पावती के लिए भटक रहे ग्रामीण, पुसौर जनपद सीईओ की निष्क्रियता पर उठे सवाल !

पुसौर। जनपद पंचायत पुसौर अंतर्गत ग्राम बड़े भंडार में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों से दो हजार से अधिक आवेदन तो ले लिए गए है ।लेकिन आज तक अधिकांश हितग्राहियों को आवेदन पंजीकरण की पावती तक उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।ग्रामीणों का आरोप है कि शासन की महत्वाकांक्षी सुशासन तिहार योजना का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है, लेकिन पुसौर जनपद पंचायत में जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता और लापरवाही के कारण लोग पंचायत से लेकर जनपद कार्यालय तक तपती धूप में भटकने को मजबूर हैं। कई हितग्राही रोजाना पावती लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा है।बताया जा रहा है कि सुशासन तिहार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन जमा होते ही हितग्राही को तत्काल पावती देना अनिवार्य है, ताकि आवेदन की स्थिति और निराकरण प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। इसके बावजूद बड़े भंडार शिविर में यह व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आ रही है।ग्रामीणों ने सुशासन तिहार के नोडल अधिकारी एवं जनपद पंचायत पुसौर के सीईओ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय पर पावती ही नहीं मिलेगी, तो आवेदन के निराकरण की उम्मीद कैसे की जाए। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।



