
पुसौर/रायगढ़। जनपद पंचायत पुसौर के बिहान शाखा में स्वयं सहायता समूह (SHG) के आंकड़े बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए कथित रूप से फर्जी समूहों का गठन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह पूरा कार्य शाखा के जिम्मेदार अधिकारियों के संरक्षण में किया जा रहा है तथा लोकोस (LokOS) एप के माध्यम से संदिग्ध तरीके से समूहों की एंट्री की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कई ऐसे समूहों का पंजीयन किया गया है जिनकी वास्तविक गतिविधियां धरातल पर दिखाई नहीं देतीं। आरोप है कि लक्ष्य प्राप्ति के दबाव में कागजी समूह बनाकर उन्हें ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।
ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि जनपद पंचायत पुसौर के बिहान शाखा में गठित स्वयं सहायता समूहों की भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) कराई जाए तथा लोकोस एप में दर्ज आंकड़ों का मिलान वास्तविक स्थिति से किया जाए।
गौरतलब है कि लोकोस (LokOS) एप राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों एवं अन्य सामुदायिक संस्थाओं के डिजिटल प्रबंधन के लिए उपयोग किया जाता हैl



