
रायगढ़। जिले के खरसिया विकास खंड के चपले डुमरपाली क्षेत्र में मांड नदी से कथित रूप से बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार नदी से पोकलेन मशीनों एवं हाइवा वाहनों के माध्यम से रेत का उत्खनन कर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं पावर प्लांटों तक पहुंचाया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग को मौखिक तौर पर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार हो रहे खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि छोटे स्तर पर ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत परिवहन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है, जबकि बड़े पैमाने पर मशीनों से किए जा रहे कथित अवैध खनन के मामलों में अपेक्षित सख्ती दिखाई नहीं दे रही है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो नदी एवं पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभागों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।


