LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़राज्य

शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण २ फरवरी को* *मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों होगा अनावरण, देश भर से जुटेंगे सैनिक*

*शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण २ फरवरी को*

*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों होगा अनावरण, देश भर से जुटेंगे सैनिक*.               

देश के लिये परिवार समेत अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले रायगढ़ के सपूत बलिदानी कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण आगामी ०२ फरवरी को किया जायेगा। सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा बलिदानी विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा, सैन्य जीवन का शिलालेख और स्मृति शिलालेख का अनावरण किया जायेगा। इस गौरवशाली आयोजन के लिये जिला प्रशासन और शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट जुट गया है। इस संदर्भ में जिला प्रशासन और ट्रस्ट के बीच बैठक भी हुई जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। कम समय में कार्यक्रम को अद्वितीय बनाने के लिये जिला प्रशासन जोर शोर से तैयारियों में जुट गया है।

विदित हो कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण स्वयं करने की बात उनके परिजनों से मिलकर की थी। बीते दिनों शहीद के परिजन भी उन्हें अनावरण के लिये आमंत्रित करके आये थे। तिथि को लेकर अस्पष्टता मंगलवार को दूर हो गई और मुख्यमंत्री ०२ फरवरी को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण करने आ रहे हैं। उनके साथ रायगढ़ विधायक व वित्त मंत्री ओपी चौधरी समेत कुछ और नेता हो सकते हैं। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में करीब ५ हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ ही भव्य मंच बनाया जा रहा है।

विदित हो कि १० अगस्त २०२३ को अनावरण कार्यक्रम किसी कारण वश नहीं हो पाया था। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा को शहीद कर्नल विप्लव के परिजनों द्वारा पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर के मूर्तिकार द्वारा बनवाया गया है। मिश्र धातु से निर्मित २८० कि.ग्रा. की यह मूर्ति हजारों साल तक क्षरणरहित रहेगी। इस प्रतिमा की स्थापना परिजनों द्वारा १० माह पहले ही स्टेडियम के बाहर कर दी गई थी।
रायगढ़ के सपूत शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा अनावरण को लेकर लोगों में काफी उत्साह है वह अपने हीरो की मूर्ति को देखने और उनके सामने नतमस्तक होने को कब से बेकरार है। ०२ फरवरी २०२४ के दिन शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में उनकी मूर्ति अनावरण के साथ ही देशभक्ति से परिपूर्ण गीत-संगीत बजाये जायेंगे।
स्थानीय कलाकार जिला प्रशासन और शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी ट्रस्ट से अपनी प्रस्तुति के लिये संपर्क कर रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री करीब २:०० बजे इस अनावरण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और उनके समय की उपलब्धता के आधार पर ही कार्यक्रम तय किये जायेंगे।

*कर्नल विप्लव त्रिपाठी ने परिवार समेत दिया बलिदान*
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य पंडित किशोरी मोहन त्रिपाठी के पौत्र कर्नल विप्लव 1२ नवंबर 2021 को अपनी पत्नी अनुजा और बेटे अबीर के साथ मणिपुर के चूड़ाचांदपुर में सिंघट पोस्ट पर मेडिकल इंस्पेक्शन रूम के उद्घाटन समारोह में गए थे। जानकारी के मुताबिक उसी शाम उन्हें वापस बेस लौटना था। लेकिन उन्हें अगले दिन तक रुकना पड़ता है। अगला दिन यानी 13 नवंबर को कर्नल विप्लव बेस कैंप के लिए लौट रहे होते हैं, इस दौरान घात लगाए उग्रवादी उनके काफिले पर हमला कर देते हैं। इस हमले में कर्नल विप्लव सहित पांच जवान शहीद हो गए थे। उनकी पत्नी अनुजा और बेटे की भी मौत हो गई थी। देश के सैन्य इतिहास में यह अपने आप में पहली घटना है जब उग्रवादियों ने एक कर्नल की उसके परिवार समेत हत्या कर दी हो। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी आज देश के हर एक घर के शान है और युवाओं के प्रेरणास्त्रोत हैं।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button