हिंदी हमारी संस्कृति और मूल्यों की संवाहक है, इसका सम्मान करना हम सबका कर्तव्य: वित्त मंत्री ओपी चौधरी*

*हिंदी दिवस पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा – विरोध अंग्रेजी भाषा से नहीं, अंग्रेजी मानसिकता से है, हिंदी अपनाकर ही विकसित भारत के महायज्ञ में दे सकते हैं आहुति*
रायगढ़:- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने हिंदी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा। हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत देश की संस्कृति और मूल्यों का संवाहक है।
श्री चौधरी ने कहा कि सभी को हिंदी का सम्मान करना चाहिए। हिंदी को सम्मानपूर्वक अपनाकर गर्व महसूस कर भारत को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी सत्ता के दौरान लार्ड मैकाले ने अंग्रेजी भाषा के जरिए अंग्रेजी मानसिकता को प्रसारित करने का कुत्सित प्रयास किया था। अंग्रेजी भाषा को श्रेष्ठ बताकर हिंदी भाषा को अपमानित करने का पाप किया गया। यही वजह है कि आजादी के कई दशकों बाद भी आज भारतीय समाज पूरी तरह से अंग्रेजी मानसिकता से नहीं उबर पाया है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने स्पष्ट किया कि हमारा विरोध अंग्रेजी भाषा से नहीं, बल्कि अंग्रेजी मानसिकता से है। भले ही कोई अंग्रेजी भाषा सीख ले, लेकिन उसे अपने जीवन में हिंदी के मूल्यों, संस्कारों और आत्म-सम्मान को अपनाए रखना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि हिंदी को अपनाकर ही हम समाज को अंग्रेजी मानसिकता से मुक्ति दिला सकते हैं। यही मुक्ति हमें विकसित भारत के महा यज्ञ में अपना सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से हिंदी को गर्व के साथ अपनाने और दैनिक जीवन में इसके अधिक से अधिक उपयोग का संकल्प लेने का आग्रह किया।



