

रायगढ़:- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जाज्वल्यदेव द्वार स्थित भीमा तालाब में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योग: कर्मसु कौशलम्” की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने भारी संख्या में पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण बिटिया डिम्पी सिंह का रोप मलखंब प्रदर्शन रहा। डिम्पी के अद्भुत संतुलन और लचीलापन ने उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजकों ने डिम्पी सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

*वित्त मंत्री ओपी चौधरी: “स्वस्थ भारत के लिए प्रतिबद्ध”*
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के साथ-साथ स्वस्थ भारत का निर्माण भी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की नींव रखते हैं। मंत्री जी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग की स्वीकार्यता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी प्रयासों का परिणाम है। 27 सितंबर 2014 को UNGA में मोदी जी ने मात्र 90 सेकंड का भाषण देकर 177 देशों से समर्थन लिया था। 21 जून को “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” घोषित होने के बाद 2015 से अब तक 180+ देश हर साल इस दिवस को मना रहे हैं। मोदी सरकार ने आयुष मंत्रालय के माध्यम से योग को वैज्ञानिक आधार दिया, “Yoga Certification Board” बनाकर इसे रोजगार से भी जोड़ा। ओपी चौधरी ने योग के वैज्ञानिक लाभ गिनाते हुए कहा नियमित योग से मधुमेह, बीपी, मोटापा और हृदय रोगों का खतरा 40% तक कम होता है। रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है। प्राणायाम और ध्यान से तनाव, डिप्रेशन, एंग्जायटी दूर होती है। मस्तिष्क की एकाग्रता 25% तक बढ़ती है। सूर्य नमस्कार और कपालभाति से इम्यूनिटी बूस्ट होती है, जिससे मौसमी बीमारियां कम होती हैं। इस साल की थीम “Yoga for Healthy Ageing” है। बुजुर्गों में योग से हड्डियों का घनत्व बढ़ता है, जोड़ों का दर्द कम होता है और याददाश्त तेज रहती है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी जी के नेतृत्व में योग एक वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है। आज टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क से लेकर मिस्र के पिरामिड तक दुनिया योग कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने “Yoga for Healthy Ageing” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
आयोजन में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, योग प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।



