LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्य

भगत तालाब में एलटी बिजली खंभे उखाड़ने पर विद्युत विभाग ने नगर पालिका को भेजा पत्र, अवैध कार्य पर जताई आपत्ति !

संजय नगर वार्ड क्रमांक 15 में तीन बिजली खंभे उखाड़े जाने का मामला, पेड़ से बांधकर रखी गई एलटी केबल को बताया गंभीर खतरा; खंभों को नियमानुसार स्थानांतरित कराने और प्राक्कलन राशि जमा करने की मांग

खरसिया। नगर पालिका परिषद खरसिया के संजय नगर वार्ड क्रमांक 15 स्थित भगत तालाब के पार में विद्युत खंभों को उखाड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित, उपसंभाग खरसिया के सहायक यंत्री कार्यालय ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र जारी कर आपत्ति दर्ज कराई है। विभाग ने संबंधित बिजली खंभों को नियमानुसार स्थानांतरित कराने तथा इसके लिए निर्धारित प्राक्कलन राशि जमा कराने की मांग की है।
विद्युत विभाग द्वारा 3 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 संजय नगर में स्थित भगत तालाब में नगर पालिका द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान तालाब के मेड़ पर स्थित एलटी विद्युत लाइन के तीन खंभों को विभागीय ठेकेदार द्वारा उखाड़ दिए जाने का उल्लेख किया गया है। पत्र में बताया गया है कि खंभे उखाड़े जाने के बाद एलटी केबल को पेड़ पर बांधकर रखा गया है, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। इससे किसी भी समय घातक विद्युत दुर्घटना होने की आशंका जताई गई है।
पत्र में विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य के लिए विद्युत लाइन स्थानांतरित करने के संबंध में उसके कार्यालय को किसी प्रकार का आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में बिना विभागीय अनुमति के इस प्रकार का कार्य किया जाना अनुचित एवं अनधिकृत बताया गया है। विभाग ने इसके लिए संबंधित पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए संभावित दुर्घटना की स्थिति में जवाबदेही का भी उल्लेख किया है।
सहायक यंत्री कार्यालय ने नगर पालिका से मांग की है कि उक्त बिजली खंभों को नियमानुसार व्यवस्थित तरीके से स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाए तथा निर्धारित प्राक्कलन राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि ऐसा नहीं किए जाने पर कंपनी के नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने नगर में विद्युत सुरक्षा और निर्माण कार्यों के दौरान विभागीय समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सार्वजनिक स्थान पर बिजली के खंभे उखाड़े जाने और विद्युत केबल को पेड़ के सहारे बांधकर रखने जैसी स्थिति आम नागरिकों के लिए जोखिमपूर्ण हो सकती है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस पत्र पर क्या कदम उठाता है और विद्युत लाइन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित करने के लिए कब तक आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button