वेदांता पावर प्लांट में श्रमिकों का धरना समाप्त, 6 सूत्रीय मांगों पर बनी सहमति!

सक्ती। ग्राम सिंघीतराई स्थापित वेदांता थर्मल पावर प्लांट के मुख्य द्वार के सामने आज 3 घंटा बाद ठेका श्रमिकों का धरना-प्रदर्शन आखिरकार समाप्त हो गया। कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई सकारात्मक चर्चा के बाद 6 सूत्रीय मांगों पर सहमति बन गई, जिसके उपरांत दोनों पक्षों ने लिखित समझौते पर हस्ताक्षर किए।
ज्ञात हो कि 14 अप्रैल को हुए हादसे के बाद प्लांट बंद होने से एनजीएसएल कंपनी के अंतर्गत कार्यरत ठेका श्रमिकों में रोजगार और छंटनी को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इसी को लेकर श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में प्लांट के मुख्य द्वार पर धरना शुरू किया था।
धरना समाप्ति के दौरान कंपनी प्रबंधन और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें श्रमिकों की 6 प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। समझौते के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की और कंपनी प्रबंधन के प्रति सकारात्मक सहयोग का भरोसा जताया।
श्रमिक प्रतिनिधियों ने कहा कि कंपनी द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद कर्मचारियों में विश्वास बढ़ा है। वहीं प्रबंधन ने भी श्रमिकों के हितों का ध्यान रखते हुए सहमति से समाधान निकालने की बात कही।
धरना समाप्त होने के साथ ही प्लांट क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि समझौते के सभी बिंदुओं का समयबद्ध पालन किया जाएगा, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।धरना समाप्ति के दौरान कर्मचारी प्रतिनिधि, कंपनी अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।



