पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने केशला-तोलेंगे सड़क सुधार की मांग को लेकर आंदोलन का किया आह्वान, चक्का जाम में शामिल होने जनता से की अपील !

लैलूंगा: क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने लैलूंगा क्षेत्र के केशला-तोलेंगे मार्ग की तत्काल मरम्मत एवं सुधार की मांग उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने के कारण आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों एवं व्यापारियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

रवि भगत ने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक सड़क सुधार का कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी के विरोध में उन्होंने तोलेंगे बाजार में आंदोलन एवं चक्का जाम करने का आह्वान किया है। रवि भगत ने क्षेत्र की जनता से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर सड़क निर्माण की मांग को मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि क्षेत्र के आम नागरिकों के हित और विकास के लिए किया जा रहा है।
क्षेत्र के ग्रामीणों का भी कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है तथा बरसात के दिनों में आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है। लोगों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र सड़क सुधार कार्य प्रारंभ करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि क्षेत्रवासियों के आंदोलन और चक्का जाम की चेतावनी के बाद प्रशासन इस मांग पर कितना गंभीरता से कदम उठाता है।



