LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्य

एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई ,रायगढ़ कलेक्ट्रेट के राहत आपदा प्रबंधन में लिपिक राजकुमार सिदार ए सी बी के गिरफ्त में!

रायगढ़, 28 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने रायगढ़ कलेक्टोरेट कार्यालय के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार को 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सर्पदंश से हुई मृत्यु के मामले में शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि दिलाने के एवज में राशि की मांग करने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर निवासी विजय सिदार ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में उनकी पत्नी रामकुमारी की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। शासन की योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि प्राप्त करने के लिए उन्होंने राजस्व विभाग में आवेदन किया था, जिसका प्रकरण कलेक्टोरेट रायगढ़ में लंबित था।
शिकायत में बताया गया कि मुआवजा राशि शीघ्र जारी कराने के नाम पर राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार ने 50 हजार रुपये की मांग की थी। आरोपी द्वारा यह भी कहा गया था कि मुआवजा राशि मिलने के बाद उक्त रकम देनी होगी और तब तक के लिए 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक गारंटी के रूप में देना होगा।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार 28 जुलाई को आरोपी बाबू राजकुमार सिदार को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक प्राप्त करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार रिश्वत की राशि की बजाय गारंटी स्वरूप हस्ताक्षरित चेक मांगकर रिश्वतखोरी करने और पकड़े जाने का यह एक अनोखा मामला है।
एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button