शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गोर्रा (, पुसौर)”शिक्षिका की लगातार अनुपस्थिति से छात्रों का नुकसान, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग”

रायगढ़। जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों एवं ग्रामीणों में लगातार चिंता बढ़ती जा रही है। ग्राम गोर्रा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में पदस्थ रसायन शास्त्र की शिक्षिका बिमला पटेल पिछले लगभग तीन से चार वर्षों के दौरान विभिन्न प्रकार के अवकाशों पर लगातार अनुपस्थित रही हैं। इससे विज्ञान विषय के विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रसायन शास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषय के लिए नियमित शिक्षण व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से शिक्षक की अनुपस्थिति के कारण विज्ञान संकाय के छात्रों का शैक्षणिक स्तर प्रभावित हुआ है और अब पुनः अवकाश पर चले जाने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय में रसायन शास्त्र विषय के लिए वैकल्पिक शिक्षक की तत्काल व्यवस्था की जाए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो और उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।
अब सवाल यह है कि यदि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को नियमित रूप से विषय विशेषज्ञ शिक्षक नहीं मिलेंगे तो उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्षेत्र के लोगों ने जिला कलेक्टर एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।



