
रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय विद्यालयों के संचालन एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि नया शिक्षा सत्र शुरू हुए लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद रायगढ़ जिले के कई विद्यालयों में अब तक समिति का गठन नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, समिति गठन के लिए बैठक संबंधी आदेश जारी होने के बाद अगले ही दिन स्थगन आदेश जारी कर दिया जाता है। यह स्थिति लगातार दूसरी बार सामने आई है, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पालकों का कहना है कि बार-बार बैठक स्थगित होने के पीछे क्या शिक्षा विभाग द्वारा जारी नई नियमावली में कोई व्यावहारिक कठिनाई है या फिर किसी अन्य प्रशासनिक अथवा राजनीतिक कारण से प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। वहीं, कई अभिभावक वर्तमान नियमों के अनुसार शाला प्रबंधन समिति के गठन को लेकर उत्साहित और सकारात्मक नजर आ रहे हैं।
शाला प्रबंधन समिति विद्यालय के विकास, शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी तथा पालकों की सहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में गठन प्रक्रिया में हो रही देरी चर्चा का विषय बन गई है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रायगढ़ जिले के शासकीय विद्यालयों में शाला प्रबंधन समिति का गठन आखिर कब तक पूरा हो पाता है।



