नगर पंचायत डभरा में शिक्षक सम्मान समारोह सम्पन्न, विधायक रामकुमार यादव ने कहा— गुरु ही ज्ञान और संस्कार के सच्चे आधार !

सक्ति/डभरा। भूतपूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत डभरा में विधायक रामकुमार यादव के नेतृत्व में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के शिक्षकों को उनके शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलकिशोर पटेल, विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन (आईएएस), सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर प्रदीप यदु, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कुमुदनी वाघ द्विवेदी, शासकीय हाई स्कूल डभरा के प्राचार्य पी.आर. काठौतिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

अपने उद्बोधन में विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान भगवान से भी ऊँचा माना गया है। माता-पिता जन्म देते हैं, लेकिन जीवन को सही दिशा देने, ज्ञान का प्रकाश फैलाने और धर्म-अधर्म का बोध कराने का कार्य गुरु ही करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सूर्य के उदय होते ही अंधकार दूर हो जाता है, उसी प्रकार गुरु के ज्ञान से जीवन का अज्ञान रूपी अंधकार समाप्त हो जाता है।

विधायक यादव ने कहा कि प्रदेश और क्षेत्र में हजारों शिक्षक शिक्षा का अलख जगा रहे हैं। सभी शिक्षकों का एक साथ सम्मान करना संभव नहीं है, लेकिन आज जिन शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है, वह समस्त शिक्षक समुदाय के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी शिक्षकों की भूमिका और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे तथा शिक्षकों को समाज का सच्चा मार्गदर्शक बताया।
शिक्षक सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल शिक्षकों के सम्मान और उनके प्रति आदर भाव से ओतप्रोत रहा।



