LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक रामकुमार यादव, किसानों के नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की उठाई मांग l

सक्ति/चंद्रपुर। चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के महानदी तटीय क्षेत्रों में आई बाढ़ के बाद विधायक रामकुमार यादव ने प्रभावित गांवों का दौरा कर किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। बाढ़ से धान, साग-सब्जी एवं अन्य कृषि फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

विधायक रामकुमार यादव ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से चर्चा की और नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लगातार हुई भारी बारिश तथा गंगरेल बांध के गेट खोले जाने के बाद महानदी में जलस्तर बढ़ा, जिससे तटीय गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हुई।

उन्होंने बताया कि प्रभावित ग्रामीणों ने शिकायत की है कि गंगरेल बांध के गेट खोले जाने की पूर्व सूचना गांवों तक नहीं पहुंचाई गई। यदि समय रहते मुनादी या अन्य माध्यमों से सूचना दी जाती तो किसान अपनी फसलों और सामान को सुरक्षित करने का प्रयास कर सकते थे।

विधायक यादव ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि चंद्रपुर, कलमा, साराडीह, कछार सहित महानदी तटीय क्षेत्रों के सभी प्रभावित गांवों का तत्काल सर्वे कराया जाए। किसानों की धान, साग-सब्जी तथा अन्य फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर उन्हें शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही बाढ़ से प्रभावित गरीब परिवारों के लिए राहत सामग्री और आवास सुविधा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। बाढ़ पीड़ितों ने क्षेत्र में पहुंचकर हालात का जायजा लेने तथा उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की पहल के लिए विधायक रामकुमार यादव का आभार व्यक्त किया।

क्षेत्र में बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और किसान अब शासन-प्रशासन से राहत एवं मुआवजे की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button