रायगढ़ में बनेगा एआई एक्सीलेंस सेंटर, युवाओं को मिलेगा नई तकनीक का प्रशिक्षण: वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी*

*‘रायगढ़ की एआई उड़ान-जागरूकता से नवाचार तक’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित*

रायगढ़, 3 अक्टूबर 2026/ जिले के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की नई तकनीक से जोड़ने और इसके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में रायगढ़ में एआई एक्सीलेंस सेंटर विकसित किया जाएगा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने आज संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित एक दिवसीय एआई कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही। ‘रायगढ़ की एआई उड़ान-जागरूकता से नवाचार तक’ थीम पर आयोजित कार्यशाला का वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल, महापौर नगर निगम जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, श्री अरूणधर दीवान, गुरूपाल भल्ला, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक तथा चयनित प्रतिभागी उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि ट्रिपल आईटी नया रायपुर के सहयोग से रायगढ़ में एआई से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। रायगढ़ में एआई एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां एआई से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को धीरे-धीरे विस्तार दिया जाएगा। चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को ट्रिपल आईटी के सहयोग से मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर को युवाओं की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में वहां एआई के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य होगा। इससे युवाओं को नई तकनीक सीखने, प्रयोग करने और नवाचार के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। छत्तीसगढ़ में नई तकनीकों के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। नया रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और डेटा सेंटर के क्षेत्र में बन रही संभावनाएं प्रदेश में तकनीकी विकास के नए अवसर तैयार कर रही हैं। एआई, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों से युवाओं के लिए कौशल, रोजगार और नवाचार के नए अवसर सामने आएंगे।
*एआई यूनिकॉर्न पर सवाल, छात्र नैतिक ने दिया जवाब*
कार्यशाला के दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने प्रतिभागियों से एआई में ‘यूनिकॉर्न’ के बारे में सवाल किया। कक्षा 12वीं के छात्र नैतिक अग्रवाल ने जवाब देते हुए बताया कि एआई तकनीक पर काम करने वाले किसी स्टार्टअप की बाजार कीमत एक अरब डॉलर से अधिक हो जाने पर उसे ‘एआई यूनिकॉर्न’ कहा जाता है। नैतिक के जवाब की मंत्री श्री चौधरी ने सराहना की और उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
*सांसद विजय बघेल ने युवाओं को नई तकनीक सीखने प्रेरित किया*
दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि एआई तेजी से बदलती तकनीक का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है। युवाओं को एआई की जानकारी हासिल करने के साथ इसके सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं युवाओं को नई तकनीक समझने और भविष्य की संभावनाओं के लिए तैयार करने में उपयोगी हैं।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अंतर्गत आईआईआईटी नया रायपुर के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में यह कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला में आईआईआईटी नया रायपुर के कुलपति एवं निदेशक प्रो. (डॉ.) ओ.पी. व्यास के नेतृत्व में एआई विशेषज्ञों की टीम द्वारा एआई की वर्तमान क्षमताओं तथा शिक्षा, प्रशासन, उद्योग, व्यवसाय, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में इसके उपयोग की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रायगढ़ की स्थानीय आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान में एआई आधारित तकनीकी समाधानों की संभावनाओं को समझाया गया। इस कार्यशाला को रायगढ़ में दीर्घकालिक एआई इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत के रूप में आयोजित किया गया।



