खरसिया विधानसभा में भाजपा की बड़ी मजबूती, 25 युवाओं ने ली पार्टी की सदस्यता ।


भाजपा जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक के जन्मदिन पर युवा मोर्चा का आयोजन, नवप्रवेशी युवाओं का गमछा पहनाकर किया गया स्वागत

खरसिया। खरसिया विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को उस समय नई मजबूती मिली, जब भाजपा जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान 25 युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सनत नायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी तथा केक काटकर शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी युवाओं ने भाजपा की रीति-नीति और राष्ट्रहित की विचारधारा से प्रेरित होकर पार्टी से जुड़ने की बात कही। इस अवसर पर सभी 25 नवप्रवेशी युवाओं का भाजपा का गमछा पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। युवाओं के पार्टी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यकर्ताओं ने जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे पार्टी हित में महत्वपूर्ण बताया। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं का पार्टी से जुड़ना संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में सकारात्मक कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से तारापुर मंडल सहित खरसिया विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सनत नायक के शुभचिंतकों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।



