गरीबी में भी इंसानियत और प्रेम की कमी नहीं होती — चंद्रकला नायक

रायगढ़:- जब मैं छठवीं कक्षा में पढ़ती थी, तब मेरी एक सहेली मुझे अपने गांव लेकर गई थी। वहां पहुंचकर जब मैंने उसके घर की स्थिति देखी, तो मन बहुत दुखी हुआ। उसके पिता का साया उसके सिर से उठ चुका था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर थी। ऐसा लग रहा था मानो गरीबी ने उनके घर में स्थायी रूप से अपना डेरा जमा लिया हो।
हम दोनों दिनभर गांव में घूमते रहे। वह इलाका जंगलों से घिरा हुआ था। मेरी सहेली एक छोटे से घर में रहती थी। उसका भाई अपनी किस्मत बदलने और परिवार का सहारा बनने के लिए बाहर रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। घर में केवल उसकी मां थीं, जो परिवार की जिम्मेदारियां अकेले संभाल रही थीं।
इतनी परेशानियों के बावजूद उनके परिवार के व्यवहार में अपनापन और स्नेह की कोई कमी नहीं थी। सुबह जब हम वापस अपने घर लौटने लगे, तो मेरी सहेली की मां ने हम दोनों को पांच-पांच रुपये के सिक्के दिए। उन्होंने बताया कि घर में थोड़ा-बहुत धान रखा था, जिसे बेचकर ये पैसे मिले हैं।
उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे किसी को पैसे दे सकें, लेकिन फिर भी उन्होंने अपने मन का प्यार जताने में कोई कमी नहीं रखी। उस समय मेरे मन में एक सवाल उठा कि इतनी गरीबी के बावजूद कोई व्यक्ति दूसरों के प्रति इतना स्नेह और अपनापन कैसे रख सकता है?
उस दिन मुझे जीवन की एक बहुत बड़ी सीख मिली। किसी व्यक्ति की महानता उसके धन-दौलत से नहीं, बल्कि उसके विचारों, व्यवहार और दूसरों के प्रति प्रेम से पहचानी जाती है।
सच तो यह है कि गरीबी किसी इंसान के दिल की अमीरी को कम नहीं कर सकती। धन की कमी हो सकती है, लेकिन प्रेम, संवेदना और इंसानियत की कमी होना जरूरी नहीं है।
रचना — चंद्रकला नायक (कोड़पल्ला) उड़ीसा



