बोतल्दा रॉक गार्डन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग, शिवसेना ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन*

IMG-20261119-WA0703

Loading

*सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा गार्ड तैनात करने की उठाई मांग, हालिया सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर जताया कड़ा आक्रोश*

खरसिया। बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में हाल ही में युवती के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना को लेकर खरसिया शिवसेना इकाई ने कड़ा विरोध जताया है। गार्डन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर आज शिवसेना अध्यक्ष शनि (पिंटू) यादव के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम महोदय को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से शिवसेना ने रॉक गार्डन परिसर में स्थायी सुरक्षा गार्ड तैनात करने, जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पूरे परिसर में नियमित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान शिवसेना अध्यक्ष शनि पिंटू यादव ने कहा कि बोतल्दा रॉक गार्डन खरसिया क्षेत्र का एक प्रमुख एवं एकमात्र प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने, पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद लचर है।
उन्होंने बताया कि गार्डन परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा आए दिन उपद्रव और बदमाशी किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इस संबंध में पूर्व में भी खरसिया थाने में शिकायतें की जा चुकी हैं, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
शिवसेना अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को अब गंभीरता से कदम उठाने होंगे। केवल गेट पर कर्मचारी तैनात करने से सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती, बल्कि गार्डन के अंदर भी सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बोतल्दा रॉक गार्डन की सभी अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर कर पर्यटकों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए,

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बोतल्दा रॉक गार्डन की सभी अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर कर पर्यटकों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी निंदनीय घटना की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना अध्यक्ष शनि (पिंटू) यादव के साथ युवा नेता नितेश राठौर, रिंकू भारत, सुनील लाल राठौर सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।

Editor Hemsagar shrivas