अब सेवा सेतु पोर्टल से ऑनलाइन बन रहा केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र*

Loading

रायगढ़, 22 नवंबर 2026/ आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरलता और तेजी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब सेवा सेतु पोर्टल एवं सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र के लिए भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे नागरिकों को आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के लिए सेवा सेतु पोर्टल पर विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र की सुविधा भी जोड़ी गई है। तहसील पुसौर के ग्राम मिडमिडा निवासी कृष्ण कुमार भगत को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीटीसीएल) में नौकरी के लिए केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित स्तर पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उनका आवेदन निराकृत किया गया और केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इस सुविधा से अब एसटी, एससी एवं ओबीसी वर्ग के ऐसे अभ्यर्थियों को विशेष सहूलियत मिलेगी, जिन्हें शासकीय नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र की जरूरत होती है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और त्वरित निराकरण की व्यवस्था आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है।

Editor Hemsagar shrivas