उमेश ने कुसमुरा और चपले में कॉलेज के लिए भवन नहीं बनाए – ओपी

📍 रायगढ़।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रेस वार्ता में पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि खरसिया विधानसभा क्षेत्र के कुसमुरा और चपले जैसे स्थानों में कॉलेज तो खोले गए लेकिन वर्षों तक भवन निर्माण नहीं कराया गया, जिससे छात्रों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ा।
ओपी चौधरी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि अब राज्य में विकास की राजनीति पर चर्चा हो रही है, जो सकारात्मक संकेत है। लेकिन जब पूर्व मंत्री ही अपने क्षेत्र में मूलभूत ढांचे का विकास नहीं करते, तो यह चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि आज भी छात्र भवन की कमी के कारण असुविधा झेल रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक ऐसा व्यक्ति, जो कांग्रेस में किसी पद पर नहीं है, उसके लिए पूरी पार्टी सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है। यह कांग्रेस की राजनीतिक दिशा को दर्शाता है।
वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि वर्तमान सरकार द्वारा 2023 के बजट में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। कई नए भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है और आने वाले वर्षों में छात्रों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने वर्ष 2018 से 2023 के बीच की तुलना करते हुए बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान कई कॉलेजों की स्वीकृति तो दी गई, लेकिन जमीन, भवन और संसाधन मुहैया नहीं कराए गए। वहीं वर्तमान सरकार ने न सिर्फ संस्थान खोले, बल्कि उनका बुनियादी ढांचा भी मजबूत किया।



