मांड नदी पर बनेगा बायंग एनीकट मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन एवं वित्त मंत्री ओपी की पहल से 38 करोड़ की स्वीकृति

रायगढ़।
खरसिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से लंबित मांड नदी पर बायंग एनीकट निर्माण की मांग को आखिरकार स्वीकृति मिल गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और विधायक ओपी चौधरी की पहल पर जल संसाधन विभाग ने इस योजना के लिए 37 करोड़ 99 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है।
इस स्वीकृति के पीछे भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि मुरलीधर पटेल की लगातार की गई पहल और प्रयास प्रमुख कारण रहे। उनकी मेहनत और पहल से अब इस परियोजना से दर्जनभर से अधिक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अब सूखे से निजात मिलेगी और वे खरीफ व रबी दोनों सीज़न में खेती कर सकेंगे।
किसानों को मिलेगा दोहरी फसल का लाभ
योजना के तहत निस्तारी, भू-जल संवर्धन एवं आवागमन की सुविधा बढ़ेगी। इसके अलावा 50-50 हेक्टेयर खरीफ एवं रबी फसलों के लिए सोलर संयंत्र और पाइप लाइन की व्यवस्था की जाएगी, जिसका संचालन हितग्राही किसान स्वयं करेंगे।
जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर मुख्य अभियंता हसदेव कछार जल संसाधन विभाग बिलासपुर को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन गांवों को होगा सीधा फायदा
ग्राम पंचायत कछार अंतर्गत मांड नदी पर बनने वाले स्टॉप डेम से कछार, लेब्रा, देवरी, चारभाटा, नवापारा, जैमुरा, मुर्रा, बायंग, पंझर, नंदेली और रानिगुहा गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
किसानों का आभार
भाजपा नेता मुरलीधर पटेल ने बताया कि यह मांग कई वर्षों से लंबित थी। यहाँ मंत्री विधायक वर्षों से एक क्षत्र होनें के बावजूद अभी तक इस क्षेत्र के किसानो के लिए कोई बड़ी उपलब्धि नहीं मिली थी l गत वर्ष जनवरी में उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया था। मुख्यमंत्री साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से यह योजना अब हकीकत बनने जा रही है।
किसानों ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधायक ओपी चौधरी और भाजपा सरकार का आभार जताया है। क्षेत्र में किसानों ने इसे “चैन की मुरली का एहसास” करार दिया है



