जनपद पंचायत पुसौर सरपंच संघ में नए पदाधिकारी निर्वाचित – लक्ष्मी लखन नायक बनीं उपाध्यक्ष


रायगढ़। जनपद पंचायत पुसौर सरपंच संघ की बैठक आज संघ अध्यक्ष हिमांशु चौहान के नेतृत्व में सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सभी निर्वाचित सरपंच पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष जैमिनी गुप्ता एवं संघ अध्यक्ष चौहान द्वारा भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। तत्पश्चात अतिथि गुप्ता का सरपंच संघ के द्वारा पुष्पहार से स्वागत किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से अध्यक्ष हिमांशु के नेतृत्व में नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत कोतमरा सरपंच अमीन पटेल को उपाध्यक्ष, श्रीमती लक्ष्मी लखन नायक को उपाध्यक्ष, धनेश्वर प्रधान को सचिव, रीता सुनील साव (सरपंच पुसलदा) को कोषाध्यक्ष तथा अनीता जयपुरिया (सरपंच तरडा) को सहसचिव निर्वाचित किया गया। सभी का स्वागत अतिथि गुप्ता द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर किया गया l


भाजपा मंडल अध्यक्ष जैमिनी गुप्ता ने अपने संबोधन में सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों और सरपंचों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरपंच जनता का भरोसा होते हैं, इसलिए गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान और सामाजिक कार्यों में यह संघ एक सशक्त टीम की तरह कार्य करेगा। गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास हेतु वे हर स्तर पर सहयोग करेंगे।

संघ अध्यक्ष हिमांशु चौहान ने पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी सरपंच मिलकर जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएँ और प्रशासनिक कार्यों में किसी भी समस्या का समाधान संघ के माध्यम से निकाला जाएगा।
नव निर्वाचित उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी लखन नायक ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन ने महिलाओं को 50 प्रतिशत अधिकार देकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। हम सबको ग्राम पंचायत के विकास और समाज सेवा में पूरी निष्ठा से योगदान देना होगा।
बैठक में बड़ी संख्या में सरपंचों की उपस्थिति रही और उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यकारिणी का गठन संपन्न हुआ।



