90 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया खाद्य विभाग का फूड इंस्पेक्टर !

बिलासपुर:-आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) के लगातार चल रहे ट्रैप अभियान के तहत आज बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गाँव में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का आबंटन शैल स्व-सहायता समूह, विद्याडीह के नाम करने के लिए आवेदन पहले ही एसडीएम मस्तूरी कार्यालय में प्रस्तुत किया गया था।
आरोप है कि फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने दुकान आबंटन आदेश जारी कराने के एवज में 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क कर ट्रैप कार्रवाई की मांग की।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने सुनियोजित योजना बनाई। आज प्रार्थी द्वारा 90,000 रुपए की राशि आरोपी को देने के दौरान एसीबी टीम ने महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित उसके आवास पर दबिश देकर श्याम वस्त्रकार को रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके निवास पर सर्च अभियान भी जारी है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष एसीबी बिलासपुर द्वारा की गई यह लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई है। इससे पहले तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम के बाबू तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा चुकी है।
एसीबी अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक या सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। शिकायत मिलने पर त्वरित ट्रैप कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसीबी का ट्रैप अभियान जिले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार जारी है।



