अपराधदेशब्रेकिंग न्यूज़

सौरभ राइस मिल में संदिग्ध मौत से हड़कंप: लेबर क्वार्टर के बाथरूम के बाहर मिला मजदूर का शव !

रायगढ़ । रायगढ़ के ग्राम जोरापाली स्थित सौरभ राइस मिल में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मिल परिसर के लेबर क्वार्टर के पास एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। युवक का शव बाथरूम के बाहर नाली के किनारे पड़ा हुआ था, जिससे परिसर में रहने वाले श्रमिकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्च्युरी रूम में भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे मजदूरों ने लेबर क्वार्टर के बाथरूम के बाहर एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। शव के हाथ-पैर में मिट्टी लगी होने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में साथ में रहने वाले मजदूरों ने मृतक की पहचान नोहर माझी (25 वर्ष) के रूप में की।
बताया जा रहा है कि नोहर माझी मूलतः लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुडुमकेला का निवासी था और पिछले कुछ समय से सौरभ राइस मिल में मजदूरी का काम कर रहा था। वह मिल परिसर के लेबर क्वार्टर में ही रहता था। होली के दौरान घर जाने के बजाय वह मिल में ही रुका हुआ था। गुरुवार रात उसने अपने साथियों के साथ भोजन किया और क्वार्टर में सोने चला गया था।
लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी लाश बाथरूम के बाहर संदिग्ध हालत में मिलने से श्रमिकों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही मिल संचालक सौरभ अग्रवाल को दी गई, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
मौके पर पहुंची कोतरा रोड पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएच अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका असली खुलासा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button