ब्रेकिंग न्यूज़

मान्यता रायगढ़ की, संचालन पुसौर में: शिक्षा विभाग की मिलीभगत से चल रहा आशु ज्ञान ज्योति स्कूल?

रायगढ़। विकासखण्ड रायगढ़ में मान्यता प्राप्त आशु ज्ञान ज्योति हिंदी इंग्लिश मीडियम स्कूल, कुमारपाली को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार इस स्कूल को मान्यता विकासखण्ड रायगढ़ के अंतर्गत दी गई है, लेकिन पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से यह स्कूल विकासखण्ड पुसौर के ग्राम गोर्रा में संचालित किया जा रहा है। नियमों के अनुसार जिस स्थान और क्षेत्र के लिए स्कूल को मान्यता दी जाती है, उसी स्थान पर विद्यालय का संचालन होना अनिवार्य होता है। यदि स्कूल किसी अन्य स्थान पर संचालित होता है तो उसकी मान्यता निरस्त किए जाने का प्रावधान है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त विद्यालय बिना वैधानिक अनुमति के ग्राम गोर्रा में लगातार संचालित हो रहा है। इस मामले में शिक्षा विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि शिक्षा अधिकारी और सीएससी के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत के कारण यह स्कूल नियमों को दरकिनार कर संचालित किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इस संबंध में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि उन्हें ग्राम गोर्रा में इस स्कूल के संचालन की कोई जानकारी नहीं है। इतना ही नहीं, उनके कार्यालय में इस संबंध में किसी प्रकार का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं है। इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्कूल को रायगढ़ विकासखण्ड के कुमारपाली के लिए मान्यता मिली है तो उसे वहीं संचालित किया जाना चाहिए। नियमों के विपरीत दूसरे विकासखण्ड में स्कूल चलाना पूरी तरह से गलत है और इससे छात्रों के भविष्य पर भी असर पड़ सकता है।
अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग क्या कार्रवाई करता है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित स्कूल की मान्यता रद्द होने के साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग तेज हो सकती हैं।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button