तहसील कार्यालय का बाबू 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी का बड़ा एक्शन !

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम तेज होती जा रही है और इसी कड़ी में अंबिकापुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दरिमा तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल गुप्ता को एसीबी की टीम ने घड़ी चौक के पास रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबू अनिल गुप्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत लिपिक अखलेश सोनी से 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोपी ने एसीबी से बचाने का झांसा देते हुए यह रकम मांगी थी। पीड़ित लिपिक ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया।
योजना के तहत तय स्थान पर जैसे ही अखलेश सोनी ने आरोपी को 1 लाख रुपये की रिश्वत राशि सौंपी, एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर अनिल गुप्ता को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी गाड़ी में ही रकम ले रहा था, तभी उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि कहीं इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।
अंबिकापुर में हुई इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। आम जनता को भी इससे यह संदेश गया है कि अब रिश्वतखोरी करने वालों की खैर नहीं, और कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।



