
सक्ती (डभरा)
सक्ती जिले के डभरा थाना अंतर्गत ग्राम कलमा में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा है। बीती 24 मार्च 2026 की मध्य रात्रि को एसडीएम और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से 2 पोकलेन मशीन एवं 8 हाईवा (डंपर) जब्त कर चंद्रपुर थाना के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें जिला कलेक्टर कार्यालय को मिल रही थीं। जिस पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर डभरा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार कश्यप एवं तहसीलदार मनमोहन प्रताप सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
टीम ने महानदी तट स्थित ग्राम कलमा में दबिश देकर अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए मशीनों और वाहनों को रंगे हाथ पकड़ा। सभी जब्त वाहन एवं मशीनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना चंद्रपुर को सौंप दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी-कर्मचारी:
पटवारी देव कश्यप, हरिशंकर पटेल, हरमेंद्र वारे, लखनपुरी, मुकेश रमन, अंकितेश पटेल, लोकेश पटेल सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।



