LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य

वित्त मंत्री चौधरी ने एएलएस एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी* 

गंभीर मरीजों के लिए बनेगी लाइफलाइन, आधुनिक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस*

रायगढ़, 11 अप्रैल 2026/ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक  ओ.पी. चौधरी ने आज अपने विधायक निवास से एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एम्बुलेंस अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से सुसज्जित है, जिसमें वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सक्शन मशीन, सिरिंज पंप, पेशेंट मॉनिटर, ऑक्सीजन सिलेंडर सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह एम्बुलेंस जिला चिकित्सालय में तैनात रहेगी और गंभीर मरीजों के लिए आपात स्थिति में जीवन रक्षक साबित होगी।


वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि सामान्यतः बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एम्बुलेंस अधिक संख्या में उपलब्ध होती हैं, लेकिन एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की संख्या सीमित रहती है। इसी कमी को देखते हुए और चिकित्सकों के सुझाव के आधार पर यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि कई बार गंभीर मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में रेफर करते समय रास्ते में ही स्थिति बिगड़ जाती है। ऐसी परिस्थितियों में यह एएलएस एम्बुलेंस मरीजों को निरंतर चिकित्सा सहायता प्रदान कर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाएगी।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने जानकारी दी कि लगभग 46 लाख रुपये की लागत से विधायक निधि के माध्यम से इस एम्बुलेंस को उपलब्ध कराया गया है। इसे स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया है, जिससे रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से अब रायगढ़ से रायपुर जैसे बड़े चिकित्सा केंद्रों में मरीजों को रेफर करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। पहले एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सुविधा की कमी के कारण कई बार गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था, जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। इस एम्बुलेंस की खास बात यह है कि इसका उपयोग आम नागरिक भी कर सकेंगे। निजी उपयोग के लिए केवल डीजल खर्च के आधार पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे जरूरतमंदों को किफायती दर पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इस अवसर पर महापौर नगर निगम श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल, डीएचओ डॉ. भानु पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button