खरसिया में बदलाव की बयार, महिलाएं और युवा बोले — अब विकास की नई सोच जरूरी !

रायगढ़:-खरसिया विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का लगातार लाभ मिल रहा है। योजना से प्राप्त राशि महिलाओं के परिवार में पोषण आहार, बच्चों की जरूरतों और दैनिक घरेलू गतिविधियों में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं का मानना है कि यह योजना उनके आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती का आधार बन रही है।
महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अब सकारात्मक बदलाव और मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है, जिससे आने वाले समय में खरसिया विधानसभा क्षेत्र विकास की नई पहचान बना सके। लोगों का मानना है कि लंबे समय से चली आ रही कुंठित और सीमित सोच वाली राजनीति को समाप्त कर क्षेत्र को नई दिशा देने का समय आ गया है।
वहीं क्षेत्र के युवाओं की सोच भी बदलाव के पक्ष में दिखाई दे रही है। युवाओं का कहना है कि खरसिया क्षेत्र में स्थापित उद्योगों और कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ कौशल विकास का अवसर मिलना चाहिए। उनका मानना है कि यदि दूरदर्शी नेतृत्व मिलेगा तो क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, तकनीक और व्यापार के नए अवसर विकसित होंगे।
युवाओं और महिलाओं के बीच यह भावना तेजी से उभर रही है कि अब “लॉलीपॉप राजनीति” से आगे बढ़कर वास्तविक विकास, रोजगार और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता देने की जरूरत है। क्षेत्र में परिवर्तन को लेकर लोगों के बीच नई उम्मीद और नई सोच दिखाई दे रही है, जिसे खरसिया विधानसभा के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।



