खरसिया में बदलाव की बढ़ती मांग: विधायक की निष्क्रियता और कुंठित राजनीति से जनता परेशान!

रायगढ़ :-खरसिया विधानसभा क्षेत्र में अब राजनीतिक बदलाव की मांग खुलकर सामने आने लगी है। क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों का मानना है कि लंबे समय से खरसिया में कुंठित राजनीति, आपसी राजनीतिक खेल और विधायक की निष्क्रिय कार्यशैली का शिकार बना हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि लोकतंत्र में विकास और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए, लेकिन वर्तमान समय में क्षेत्र की कई मूलभूत समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनता लगातार चिंता जता रही है। युवाओं का कहना है कि क्षेत्र में रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के लिए कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही, जबकि महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की योजनाओं का लाभ सीमित स्तर तक ही पहुंच पा रहा है। लोगों का आरोप है कि वर्तमान विधायक की निष्क्रियता के कारण कई विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है और जनता की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा हैंl
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि खरसिया को अब ऐसे विधायक और नेतृत्व की जरूरत है जो केवल राजनीतिक रणनीति तक सीमित न रहकर जमीन पर काम करने वाला हो। क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि लोकतंत्र में समय-समय पर परिवर्तन आवश्यक होता है, ताकि विकास की नई दिशा तय हो सके और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य हो।
खरसिया की जनता अब सकारात्मक राजनीति, पारदर्शी नेतृत्व और जनसेवा आधारित कार्यशैली चाहती है। आने वाले समय में वही विधायक जनता का विश्वास जीत सकेगा जो गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा।



