रायगढ़ एसपी शशि मोहन सिंह के सख्त तेवर से खरसिया में जगी उम्मीद, वार्ड 14 में अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई के दिए निर्देश !

खरसिया/रायगढ़। खरसिया नगर के वार्ड क्रमांक 14 गंज पीछे क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ मोहल्लेवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र के नागरिकों ने रायगढ़ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अवैध शराब कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मोहल्लेवासियों ने एसपी को बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री होने के कारण सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है तथा महिलाओं, युवाओं और बच्चों पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। नागरिकों ने अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह बंद कराने की मांग की।
जनसमस्या को गंभीरता से सुनते हुए एसपी शशि मोहन सिंह ने खरसिया पुलिस को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वार्ड क्रमांक 14 गंज पीछे क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, लोगों को डराने-धमकाने अथवा नशाबंदी अभियान से जुड़े नागरिकों को परेशान करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी के इस सकारात्मक और दृढ़ रुख से गंज पीछे क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन इसी प्रकार लगातार कार्रवाई करता रहा तो क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी रोक लग सकेगी और सामाजिक वातावरण बेहतर होगा।
मोहल्लेवासियों ने पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि गंज पीछे क्षेत्र को अवैध शराब कारोबार से मुक्त कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।



